राजस्थान सरकार ने चर्चित RAS अफसर पिंकी मीणा को दौसा सहायक कलेक्टर के पद पर जॉइन करने से पहले एपीओ कर दिया। कार्मिक विभाग ने गुरुवार को जारी आदेश में उन्हें प्रशासनिक कारणों से एपीओ करने का दावा किया है। पिंकी मीणा का 11 अगस्त को प्रशासनिक सुधार विभाग, सवाई माधोपुर के सहायक निदेशक के पद से सहायक कलेक्टर दौसा के पद पर तबादला किया गया था। पिंकी मीणा 2017 बैच की आरएएस अफसर हैं। साल 2021 में बांदीकुई SDO रहते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हाईवे घूसकांड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उन्हें एक अन्य आरएएस पुष्कर मित्तल के साथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद सरकार ने उन्हें तुरंत सस्पेंड कर दिया था। तीन दिन पहले दौसा सहायक कलेक्टर के पद पर हुआ था तबादला पिंकी मीणा 15 जनवरी 2021 से लेकर 25 मई 2026 तक करीब साढ़े पांच साल सस्पेंड रहीं। बहाली के बाद 26 जून को उन्हें प्रशासनिक सुधार विभाग में सवाई माधोपुर के सहायक निदेशक के पद पर पोस्टिंग दी गई थी। इसके बाद 11 अगस्त को उनका तबादला सहायक कलेक्टर, दौसा के पद पर कर दिया गया था। दौसा में सहायक कलेक्टर के पद पर पोस्टिंग के महज तीन दिन बाद ही एपीओ करने को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पहले उन्हें दौसा (जहां घूसकांड हुआ था) में ही पोस्टिंग देने को लेकर सवाल उठ रहे थे और अब अचानक एपीओ किए जाने के कारणों को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। — यह खबर भी पढ़िए… घूसकांड से चर्चा में आई पिंकी मीणा का फिर ट्रांसफर:CM के ओएसडी योगेश श्रीवास्तव का तबादला; निकाय चुनावों से पहले 183 RAS बदले राज्य सरकार ने निकाय चुनावों से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 183 आरएएस अफसरों के तबादले किए हैं। मुख्यमंत्री के ओएसडी योगेश श्रीवास्तव, आरएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और सवा महीने पहले बहाल हुई चर्चित RAS पिंकी मीणा का भी ट्रांसफर किया गया है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के एसए समेत तीन अफसरों को एपीओ कर दिया। पढ़ें पूरी खबर
