केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए अवैध मादक पदार्थ की मार्केट कीमत करीब 5 करोड रुपए बताई जा रही है। मामले में सीबीएन ने एक तस्कर मालाराम विश्नोई निवासी फलोदी को गिरफ्तार किया गया है। सीबीएन को इनपुट मिला था कि गुवाहाटी से जोधपुर के लिए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। इस पर 19 जून को संदिग्ध आरोपी की ट्रेकिंग शुरू की गई। 2000 किलोमीटर निगरानी की टीम द्वारा करीब 2000 किलोमीटर तक निगरानी करने के बाद 20 जून की सुबह सिकंदरा टोल प्लाजा के पास आगरा-जयपुर हाईवे पर झारखंड रजिस्ट्रेशन की हुंडई क्रेटा कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 109 पैकेटों में पैक कुल 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। तस्करों ने अफीम को तीन बोरों में छिपाकर रखा था। मादक पदार्थ की गंध छिपाने के लिए कार के भीतर बड़ी मात्रा में इत्र एवं परफ्यूम का छिड़काव किया हुआ था। आरोपी 2 दिन के रिमांड पर सीबीएन टीम ने अफीम और कार को जब्त कर लिया तथा आरोपी मालाराम विश्नोई निवासी फलोदी को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। जिसे रविवार को दौसा के एनआई कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया। एनसीबी फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी एवं विपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव सहित अन्य अधिकारियों की भूमिका रही।
