जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में NH-52 पर राजावास के पास मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रॉन्ग साइड से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। इस हादसे में जयपुर निवासी गजेंद्र सिंह (22) की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई दिव्यम (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाइयों को टाटियावास टोल पेट्रोलिंग टीम की एंबुलेंस से जयपुर के कांवटिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल दिव्यम का इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी उदय सिंह ने बताया कि दोनों भाई बाइक से सामोद स्थित वीर हनुमान जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रॉन्ग साइड आ रहे टक्कर मारने के बाद दोनों युवक घायल हो गए थे। एंबुलेंस चालक पांचुराम नर्सिंग स्टाफ पवन जाट ने दोनों घायलों को जयपुर के कावंटिया हॉस्पिटल पहुंचाया था। जहां गजेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामले में आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि गजेंद्र ग्रेजुएशन कर रहे थे और दिव्यम 10वीं पास है। दोनों हर महीने मंगलवार को हनुमान जी के दर्शन करने जाते थे।