रूपनगढ़ मेगा हाईवे पर सोमवार को नुवा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार और सवारी गाड़ी दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज गति से हाईवे पर दौड़ रहा था। नुवा चौराहे के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रेलर पहले स्विफ्ट कार से और फिर सवारी गाड़ी से जा टकराया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। देखिए घटना की PHOTOS- स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया सूचना मिलने पर समाजसेवी जगदीश (पावणा) मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रूपनगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत सामान्य बताई और उन्हें छुट्टी दे दी। पुलिस ने ट्रैफिक सुचारु कराया घटना की जानकारी मिलते ही रूपनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मेगा हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रेलर की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने नुवा चौराहे को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड लिमिट और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
