तरनतारन जिले की थाना भिखीविंड पुलिस ने एटीएम (ATM) कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी पड़ोसी राज्य हरियाणा का रहने वाला है। उसके द्वारा की गई घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए सहायक उप-निरीक्षक (ASI) निर्मल सिंह ने बताया कि गांव काले के रहने वाले सुखचैन सिंह ने पुलिस के पास इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। जानिए कैसे दिया वारदात को अंजाम शिकायतकर्ता सुखचैन सिंह ने बताया कि बीते 23 सितंबर को उनका बेटा जशनप्रीत सिंह पंजाब नेशनल बैंक (PNB) भिखीविंड के एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां पहले से मौजूद एक अनजान व्यक्ति ने चकमा देकर जशनप्रीत का एटीएम कार्ड चालाकी से बदल लिया। जशनप्रीत के वहां से जाने के कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के लगातार कई मैसेज आने लगे। शातिर ठग ने पीड़ित के खाते से कुल 60 हजार रुपये निकाल लिए थे। पीड़ित की पड़ताल में बेनकाब हुआ आरोपी पैसे कटने के बाद पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर आरोपी की तलाश और पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान एटीएम कार्ड बदलने वाले व्यक्ति की पहचान संदीप (पुत्र रोशन), निवासी गांव मसूदपुर (हरियाणा) के रूप में हुई। शिकायत और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद भिखीविंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने क्षेत्र में इस तरह की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।