पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल के निर्देशों पर तरनतारन जिले में पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया है। कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वरिंदरपाल कौर के नेतृत्व में जिला अस्पताल तरनतारन में बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर इसकी शुरुआत की गई। कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन ने बताया कि तरनतारन जिले में जन्म से 5 साल तक के कुल 1,43,447 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए कोल्ड चेन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डॉ. धवन ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स अवश्य पिलवाएं। डॉ. कौर बोलीं- 114 सुपरवाइजर तैनात किए गए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वरिंदरपाल कौर ने बताया कि 28, 29 और 30 जून 2026 को होने वाले इस पल्स पोलियो अभियान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले में 574 फिक्स्ड बूथ, 1148 डोर-टू-डोर टीमें, 33 ट्रांजिट टीमें और 49 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। कुल 2450 वैक्सीनेटर इस कार्य में लगाए गए हैं। डॉ. कौर ने आगे बताया कि इन टीमों की निगरानी के लिए 114 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी ब्लॉक के सीनियर मेडिकल अधिकारियों को भी अपने-अपने ब्लॉक की देखरेख के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से वंचित न रहे। इस अवसर पर जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. रणदीप सिंह, डॉ. विपुल, डॉ. जसपिंदर पाल सिंह, डॉ. रूपिंदर कौर, टीबी अधिकारी डॉ. रोबिन सिंह, डॉ. लाजवीर सिंह, जिला मास मीडिया अधिकारी सुखवंत सिंह सिद्धू, हेल्थ सुपरवाइजर भूपिंदर सिंह, अमरजीत सिंह गिल, एलएचवी जसबीर कौर, एएनएम प्रदीप कौर मनजिंदर सिंह, जसपिंदर सिंह, प्रदीप सिंह, बीसीसी कोऑर्डिनेटर आरुष भल्ला, कंप्यूटर असिस्टेंट संदीप सिंह, नर्सिंग कॉलेज के छात्र और स्टाफ सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
