तरनतारन के अधीन आते खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के कस्बा फतेहाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यहां 50 लाख रुपये की मोटी फिरौती (रंगदारी) न मिलने के कारण बेखौफ अज्ञात हमलावरों ने एक प्रसिद्ध कपड़ा व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बड़ी आसानी से मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के जाने-माने कपड़ा व्यापारी महेंद्र सिंह के बेटे नवदीप सिंह को कुछ दिन पहले अज्ञात गैंगस्टरों/अपराधियों द्वारा फोन कर 50 लाख रुपये की फिरौती देने की धमकी दी गई थी। मांग पूरी न होने पर शुक्रवार शाम को दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात नकाबपोश युवक दुकान के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। कर्मचारियों ने छिपकर बचाई जान राहत की बात यह रही कि इस खूनी हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। फायरिंग के समय दुकान के मालिक नवदीप सिंह वहां मौजूद नहीं थे। हालांकि, दुकान के भीतर मौजूद कर्मचारियों पर गोलियां चलने से अफरा-तफरी मच गई, जिन्होंने काउंटर के पीछे छिपकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। गोलियों की आवाज से पूरा बाजार दहल उठा। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, पुलिस ने किया हाई अलर्ट जारी घटना की भनक लगते ही डीएसपी हरिंदर सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। थाना श्री गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुकान और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा पीड़ित व्यापारी नवदीप सिंह ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की गुहार लगाते हुए तुरंत सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि फिरौती की लगातार मिल रही धमकियों से उनका पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। वहीं, डीएसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। सीमावर्ती इलाके में नाकाबंदी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के लिहाज से हाई अलर्ट जारी किया गया है।
