डूंगरपुर में राजस्थान राज्य राशन डीलर एसोसिएशन के बैनर तले राशन डीलरों का बेमियादी धरना 11वें दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे डीलरों ने अपनी मांगों को लेकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि उन्हें लंबे समय से कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2023 के जनवरी, फरवरी और मार्च महीने का लगभग ढाई करोड़ रुपये का कमीशन अभी तक बकाया है, जिससे डीलरों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। राशन वितरण के दौरान नेटवर्क की समस्या से काम में बाधा आती है। गर्मी में उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है, जिससे डीलर और उपभोक्ताओं के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। डीलरों ने आरोप लगाया कि करीब 18 से 20 राशन डीलरों का कमीशन गलती से अन्य डीलरों के खातों में चला गया है, जिसे सुधारने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा, जिले में गेहूं का आवंटन लगातार कम किया जा रहा है, जिससे प्रति डीलर 2 से 10 क्विंटल तक की कमी आई है। इससे उपभोक्ताओं को पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है और डीलरों पर दबाव बढ़ रहा है। जिन डीलरों के खिलाफ कार्रवाई हुई है और जहां अनाज के गबन का आरोप है, वहां अस्थाई व्यवस्था की गई है, लेकिन उन स्थानों पर आवंटन ‘शून्य’ दिखाया जा रहा है, जिससे वितरण पूरी तरह ठप है। जिला अध्यक्ष जैन ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं हो जाता, तब तक वे अपना धरना जारी रखेंगे।