राजस्थान से मानसून की विदाई 19 सितंबर से शुरू हो सकती है। अंतिम चरण में मानसून जमकर बरस रहा है। उदयपुर, सलूंबर, चित्तौड़गढ़ जिले के अलग-अलग एरिया में गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक रुक-रुककर बरसात होती रही। सलूंबर के झल्लारा में सरनी नदी पुल के ऊपर से बही। डूंगरपुर के आसपुर के पुंजेला डैम पर शुक्रवार सुबह एक फीट की चादर चली। बांसवाड़ा जिले में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह बारिश हुई। इस दौरान शहर के आजाद चौक की सड़कों पर पानी बहने लगा। जैसलमेर शहर में भी सुबह बरसात हुई। जालोर में दोपहर में करीब 1 घंटे तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। इससे पहले गुरुवार को जयपुर, अजमेर सहित कई जिलों में 4 इंच तक पानी बरसा। टोंक जिले में रात में हुई बरसात से खेतों में कटी फसल खराब हो गई। कोटा जंक्शन पर बारिश के कारण शॉर्ट सर्किट हो गया। मौसम बदलने से दिन का तापमान 7 डिग्री तक गिर गया। सबसे पहले देखिए- राजस्थान में मौसम की PHOTOS मानसून के बडे़ अपडेट नदी में उफान के कारण रास्ता बंद, झरने बहे: चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे बारिश शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बारिश के बाद ब्राह्मणी नदी पर स्थित डब्को झरना तेज बहाव के साथ बहने लगा। कोटा जंक्शन के डीसीएम ने बताया गुरुवार को बारिश के कारण बिजली के पैनल में आग लग गई। जिसे कुछ मिनट बाद बुझा दिया गया। टोंक में हुई बारिश के कारण किसानों को नुकसान हुआ है। उदयपुर के सलूंबर में सरनी नदी के कारण रास्ता बंद हो गया। 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश: जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के अलावा कोटा, जोधपुर, उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में गुरुवार को अच्छी बरसात हुई। सवाई माधोपुर, करौली, नागौर, अजमेर, जयपुर में 4 इंच तक बारिश दर्ज हुई। साथ ही भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, झुंझुनूं, बीकानेर में 2 इंच तक पानी बरसा। 7 डिग्री तक गिरा पारा: राजस्थान के अधिकांश शहरों के तापमान में गुरुवार को तेज बारिश के साथ चली हवा के कारण तापमान में गिरावट हुई। पिलानी, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, नागौर, फतेहपुर, झुंझुनूं, अजमेर में अधिकतम तापमान 2 से 7 डिग्री तक गिर गया। ……. ये खबर भी पढ़ें… बूंदी में बारिश से उड़द-सोयाबीन की फसल बर्बाद:किसानों के सपने टूटे, बेटियों की शादी पर संकट; बीमा कंपनियों पर फूटा गुस्सा पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
