डीग जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पहाड़ी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त रूप से 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि सीकरी थाना पुलिस ने एक अन्य आरोपी को दबोचा। इस कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों से 4 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। गश्त के दौरान पहाड़ी थाना पुलिस और DST टीम को मुखबिर से सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, गाजूका गांव के स्कूल के सामने से गंगौरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित बंद पड़े क्रशर प्लांट में कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर घेराबंदी कर 3 युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 315 बोर की एक अवैध बंदूक, 315 बोर का एक अवैध कट्टा और 12 बोर की एक अवैध बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने तीनों हथियारों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सनीप (27) पुत्र भूरजी मेव, रिहान (20) पुत्र हाकम मेव और खालिद उर्फ खल्ली (27) पुत्र अय्यूब मेव शामिल है। ये सभी गंगौरा, थाना पहाड़ी, जिला डीग के निवासी हैं। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एक अन्य कार्रवाई में, सीकरी थाना पुलिस ने वारिस (26) पुत्र साहबुद्दीन मेव, निवासी उडकीदल्ला, थाना सीकरी, जिला डीग को अवैध सिंगल शॉट बंदूक के साथ गिरफ्तार किया।