सीकर में DYSP विनोद श्योराण ने कहा- डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रोविजन कानून में नहीं है। यदि आपके पास डिजिटल अरेस्ट के नाम पर कोई भी वीडियो कॉल या कॉल आता है तो उसे इग्नोर करें। उसकी सूचना साइबर पुलिस को दें, जिससे जल्द ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो। साइबर अवेयरनेस के लिए साइबर थाना पुलिस ने रविवार को मैराथन की। इस मैराथन में सीकर की कई डिफेंस अकेडमी के स्टूडेंट और राजस्थान पुलिस के सिपाही मौजूद रहे। यह मैराथन सीकर के पुलिस टाइम ग्राउंड से शुरू हुई, जो कल्याण सर्किल सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान चलाया जा रहा साइबर थाना DYSP विनोद श्योराण ने कहा- वर्तमान में साइबर अवेयरनेस के लिए साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान चलाया जा रहा है। साइबर अवेयरनेस को लेकर यह आयोजन किया गया। इस आयोजन से मैसेज दिया गया है कि लोग ऑनलाइन गेमिंग की बजाय फिजिकल एक्टिविटी में ज्यादा फोकस करें। इससे वह किसी तरह की साइबर ठगी का शिकार होने से बचें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी प्राइवेट जानकारी किसी को शेयर ना करें।