भारत सरकार द्वारा जनगणना-2027 का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा। इस जनगणना के तहत 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प भी प्रदान किया गया है। आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किया जाएगा। इसमें मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों संबंधी आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे। कोटपूतली जिला कलेक्टर ने की स्व गणना कोटपूतली जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने शुक्रवार को स्वयं अपनी स्व-गणना पूर्ण की। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना अभियान के तहत ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभिनव पहल का हिस्सा बनें। स्व-गणना के लिए नागरिकों को सबसे पहले https://se.census.gov.in पर जाना होगा। वहां अपने राज्य/संघ राज्य क्षेत्र का चयन कर कैप्चा कोड दर्ज कर लॉग-इन करना होगा। परिवार पंजीकरण के लिए परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज करनी होगी। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि परिवार के मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा और एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक ही परिवार के लिए किया जा सकता है। इसके बाद अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अगले चरण में अपने राज्य का चयन कर पिन कोड दर्ज करना होगा और गांव/नगर/स्थानीय क्षेत्र की जानकारी भरनी होगी। मानचित्र पर दिए गए मार्कर को खींचकर अपने निवास के सटीक स्थान पर स्थापित कर स्थान की पुष्टि करनी होगी। अंत में, मकान सूचीकरण एवं जनगणना से संबंधित प्रश्नावली भरनी होगी। सहायता के लिए दिशानिर्देश, अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) और आवश्यक सूचनाएं पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
