तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में सरकारी टीचर और उनकी पत्नी की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर आज दोपहर करीब एक बजे का है। टीचर बाइक से अपने ससुराल पक्ष में किसी रिश्तेदार की शादी में जा रहे थे। दोनों की चार साल पहले ही शादी हुई थी। झुंझुनूं जिले की गोठड़ा थाना पुलिस ने शवों को सीकर के श्रीकल्याण जिला हॉस्पिटल की मॉच्युरी ले जाया गया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। सामने से आ रहे ट्रेलर ने मारी टक्कर गोठड़ा थाने के ASI करणी सिंह मांजू ने बताया कि हादसे में सीकर के रेटा गांव के रहने अशोक गुर्जर (32) और उनकी पत्नी पूजा (25) की मौत हो गई। अशोक गुर्जर जीणमाता गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर थे। टीचर के रिश्तेदार राजू गुर्जर ने बताया कि वो दोनों आज बाइक पर रेटा से चेचियों की ढाणी, टोडपुरा के लिए निकले थे। रास्ते में जीणमाता स्थित अशोक के स्कूल गए, जहां पर अशोक ने CL ली। इसके बाद दोनों पति-पत्नी टोडपुरा के लिए रवाना हुए थे। गोल्याना के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पति-पत्नी बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में अन्य जगहों पर चोट लगने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चार साल पहले हुई थी शादी मौके से गुजर रहे लोगों ने गोठड़ा थाना (झुंझुनूं) में सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल पर आकर शवों को सीकर के एसके जिला हॉस्पिटल लेकर गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। टीचर के रिश्तेदार राजू गुर्जर ने बताया कि दोनों की चार साल पहले ही शादी हुई थी। हादसे की खबर से रेटा गांव और पूजा के पीहर चेचियों की ढाणी (टोडपुरा) में कोहराम मच गया।
