अलवर में राजगढ़-बांदीकुई रेलवे ट्रैक पर सुरेर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने जीआरपी पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया। जीआरपी अलवर के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया- स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि सुरेर स्टेशन के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक की पहचान माचाड़ी निवासी हरिओम शर्मा (42) पुत्र हजारीलाल शर्मा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और शव को राजगढ़ सीएचसी की मॉर्च्युरी में पहुंचाया। परिवार ने कहा- मानसिक रूप से पीड़ित थे पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिया। इस संबंध में परिजन नवलकिशोर शर्मा ने रिपोर्ट दी। परिवार ने बताया- हरिओम सुबह घर से निकले थे, वे मानसिक रूप से परेशान थे।