टोंक के नगरफोर्ट तहसील क्षेत्र के चारनेट में शुक्रवार को पावन दर्रा स्थल पर श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच श्री दर्रा बालाजी महाराज का बनने वाले भव्य मंदिर का निर्माण कार्य नींव शिलान्यास एवं भूमि पूजन के साथ विधिवत शुरू हो गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। इस अवसर पर गांव में शोभायात्रा भी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे, युवक – युवतियां आदि मौजूद थे। सभी शोभायात्रा में नाचते गाते हुए चल रहे थे। करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई दिशा प्रदान करेगा। ग्रामीण शैलेश कुमार मीना ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भव्य शोभायात्रा से हुई। यह श्री रामदेव जी मंदिर (पुरानी स्कूल भवन) से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए दर्रा बालाजी मंदिर प्रांगण तक पहुंची। शोभायात्रा में यजमान को घोड़ी पर विराजित कर डीजे की भक्ति धुनों के साथ निकाला गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। नींव मुहूर्त का पावन कार्य गुराई निवासी आचार्य पण्डित ब्रजमोहन शर्मा के सान्निध्य में शुभ मुहूर्त में विधिवत कराया गया। इस दौरान नींव का पवित्र पत्थर अग्नि कोण में स्थापित किया गया, जिसे अत्यंत शुभ एवं मंगलकारी माना जाता है। 11 लाख रुपए का गुप्त दान मिला
इस अवसर पर मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख का गुप्त दान प्राप्त हुआ है। साथ ही अन्य भक्तों द्वारा भी लाखों रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। प्रमुख सहयोग बजरंग लाल (बासेड़ा) एवं उनके साथियों द्वारा 51 हजार रुपए, रामप्रसाद जाट (खातीपुरा) 11 हजार रुपए, शिव शक्ति परिवार (साखणा) की ओर से 10 हजार रुपए दिए गए हैं। नींव में पवित्र पत्थर स्थापित करने की बोली प्रक्रिया के तहत 2 लाख 11 हजार रुपए की सर्वोच्च बोली बसंत चौधरी (ग्राम कोटड़ा) द्वारा लगाई गई। अन्य प्रमुख संकल्प बोलियां मोहन लाल मीणा (चारनेट) की 16 हजार रुपए, ताराचंद विजयवर्गीय (टोंक) की 15 हजार रुपए, गिर्राज विजयवर्गीय (टोंक) की 14 हजार रुपए, शिवनारायण गुर्जर (अगरिया) की 13 हजार रुपए की रही। घर- घर लड्डू बांटे गए
इस अवसर पर घर-घर जाकर प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए, जिससे प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित हुई और सभी ने बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने अपने घरों से पत्थर, ईंट एवं पवित्र मिट्टी लाकर मंदिर की नींव में समर्पित कर इस पावन कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। समिति के सचिव लड्डू लाल मीणा ने बताया कि यह मंदिर निर्माण कार्य समस्त ग्रामवासियों एवं धर्मप्रेमी जनों के सहयोग से पूर्ण किया जाएगा और भविष्य में यह स्थल आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस मौके पर श्री दर्रा बालाजी मंदिर विकास एवं जन सेवा समिति, चारनेट एवं समस्त सकल पंच चारनेट, गैरोटी, कोटड़ा, बहलडी, अगरिया, इन्दौदा, केदारा, पालगंज, नानकपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
टोंक में 2 करोड़ से बनेगा श्री दर्रा बालाजी मंदिर:नींव शिलान्यास एवं भूमि पूजन हुआ, शोभायात्रा निकाली
