टोंक में कम्युनिटी थिएटर टोंक के संयुक्त तत्वावधान में कलाकार आशीष कर्णावत अपनी नई प्रस्तुति “पता नहीं” का मंचन रविवार शाम 6:30 बजे टोंक बाईपास स्थित एक होटल में करेंगे। डांस, कॉमेडी और थिएटर से जुड़ी यह प्रस्तुति जीवन की अनिश्चितता और बिखराव को अलग अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करेगी। प्रस्तुति में तय धारणाओं और लेबल्स से हटकर अनुभवों को मंच पर दिखाया जाएगा, जहां “न जानना” को मुख्य भाव के रूप में रखा गया है। जीवन की अनिश्चितता पर आधारित है प्रस्तुति “पता नहीं” प्रस्तुति में कलाकार और दर्शकों को एक साझा अनुभव से जोड़ा जाएगा। इसमें यह दिखाने की कोशिश की गई है कि हर चीज को समझना या जानना जरूरी नहीं होता। प्रस्तुति में डांस, शारीरिक अभिनय और कॉमेडी के जरिए जीवन के अलग-अलग अनुभवों को सामने लाया जाएगा। टोंक से शुरू हुई आशीष की कलात्मक यात्रा आशीष कर्णावत टोंक शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा टोंक से पूरी की। उनकी कलात्मक यात्रा साल 2020 में बेंगलुरु के मोक्ष आर्ट्स स्पेस में नौ महीने के डिप्लोमा प्रोग्राम से शुरू हुई। इस दौरान उन्हें पारंपरिक शैली से अलग प्रशिक्षण मिला। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने समकालीन नृत्य और शारीरिक रंगमंच के बारे में सीखा और देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन भी किए। बैंगलोर में संघर्ष के दौरान जारी रखा प्रशिक्षण कम्युनिटी थिएटर टोंक के मोहित वैष्णव ने बताया कि बैंगलोर में संघर्ष के दौरान आशीष ने अलग-अलग जगहों पर डांस सिखाकर अपनी कला को आगे बढ़ाया। इसी दौरान उन्होंने अपने प्रदर्शन की सूची का विस्तार किया और लगातार प्रशिक्षण जारी रखा। आशीष का कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान मिली कलात्मक स्वतंत्रता और सुधार तकनीकों ने उनके प्रदर्शन को नई दिशा दी। जिम कैरी से प्रभावित है कॉमेडी स्टाइल आशीष कर्णावत ने बताया कि वह शारीरिक कॉमेडी से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कॉमेडी शैली पर अभिनेता जिम कैरी का बड़ा प्रभाव रहा है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास डांस और मूवमेंट के प्रशिक्षण को स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ जोड़ने का रहा, जिसे वह एक अलग तरह का प्रयोग मानते हैं।
