मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों का टारगेट टाइगर नहीं, बल्कि जुहू का कोई भी सेलिब्रिटी था। टारगेट सेट होने पर मास्टर माइंड अनिल पंडित ने हथियारों का एक वीडियो बनाकर अपने गुर्गों को भेजा था। वह खर्चे के पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर रहा था। महाराष्ट्र पुलिस ने कोटा से तीनों शूटरों—ऋतिक, फूल सिंह और रेहान—को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया है। वारदात के पीछे की कहानी पढ़िए- विदेश में नौकरी का लालच दिया था ड्राइवर को मामले की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बदमाश वारदात से कई दिनों पहले मुंबई पहुंच गए थे। यहां अलग-अलग होटल में रुके और मुंबई में घूमकर रेकी की। मास्टर माइंड अनिल पंडित अपने गुर्गे रेहान को खर्चे के लिए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करता था। बदमाशों का टारगेट फिक्स नहीं था। वे दहशत फैलाने के इरादे से सेलिब्रिटी को टारगेट करने आए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया – मुंबई में रहने के दौरान रेहान और फूल सिंह की रैपिडो ड्राइवर ऋतिक से मुलाकात हुई थी। दोनों ऋतिक की बाइक पर बैठकर जुहू इलाके में रेकी करते थे। उसी दौरान रेहान ने ऋतिक को विदेश में नौकरी का लालच देकर अपने प्लान में शामिल कर लिया।
अनिल पंडित ने हथियारों का वीडियो बनाकर भेजा
टारगेट फिक्स करने के बाद बदमाशों ने अनिल पंडित को बताया। अनिल पंडित ने वारदात से दो दिन पहले उन तक हथियारों को पहुंचाया। हथियार कहां रखे हैं, इसका एक वीडियो बनाकर भी रेहान के मोबाइल पर शेयर किया था। बदमाशों ने वीडियो के जरिए हथियारों को शुक्रवार (16 अक्टूबर) को कलेक्ट किया था। वारदात वाले दिन ऋतिक के साथ उसकी बाइक पर ही दोनों घटना स्थल पहुंचे थे। फायरिंग के बाद तीनों बाइक पर ही अंधेरी की तरफ भागे थे। अंधेरी में बाइक खड़ी कर लोकल ट्रेन में सवार होकर अगले स्टेशन पहुंचे थे। वहां से टैक्सी से सूरत पहुंचे थे। दो आरोपियों का मोबाइल मिला, एक ने फेंका बदमाश सूरत से पुणे-जयपुर ट्रेन के जनरल कोच में बैठ गए थे। सोमवार सुबह 10.18 बजे के आस-पास ट्रेन कोटा स्टेशन आते ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया था। कोटा पुलिस को बदमाशों के पास से एक बैग मिला, जिसमें तीनों के एक-एक जोड़ी कपड़े और दो मोबाइल फोन थे। सामने आया है कि रेहान ने बीच रास्ते में ही अपना फोन फेंक दिया था। महाराष्ट्र पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। — ये खबर भी पढ़िए- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, मुंबई पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना:आगे-पीछे पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ियां, जवानों से भरी बस समेत 5-7 गाड़ियां काफिले में शामिल रही टाइगर पर फायरिंग का कॉन्ट्रैक्ट सिर्फ ₹35 हजार में दिया:विदेश भेजने का भी लालच; हमलावर बिना टिकट ट्रेन में चढ़े, कोटा में पकड़े गए कोटा में टाइगर पर फायरिंग करने वालों को कैसे पहचाना:एक घंटे में बना था उन्हें पकड़ने का प्लान; एक पुलिसवाला उनके पास बैठा, और फिर?