खैरथल-तिजारा में निर्माणधीन प्लांट में टंकी की दीवार गिर गई जिसमें 4 वर्षीय एक बच्ची की दबने से मौत हो गई। हादसे में तीन बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल गए। टंकी का निर्माण पांच दिन पहले ही पूरा हुआ था। घटना भिवाड़ी में दोपहर 1:30 बजे की है। मृतका की पहचान बिहार निवासी हेमंत शर्मा की 4 वर्षीय पुत्री मीनू के रूप में हुई है। यह प्रोजेक्ट हाईटेक कंपोनेंट बिल्डर द्वारा कराया जा रहा है, जहां लगभग 400 से 500 मजदूर काम कर रहे हैं। भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया- भिवाड़ी के पुराना समतल रोड़ औद्योगिक क्षेत्र में जैगवार कंपनी के प्लांट में काम चल रहा था। पांच दिन पहले ही प्लांट में पानी की टंकी का निर्माण किया गया था। टंकी की भराव क्षमता करीब 2000 लीटर थी। सोमवार को प्लांट में इस दौरान पानी की टंकी पर कुछ मजदुरों के बच्चे नहाने गए हुए थे अचानक से टंकी दीवार भरभराकर बच्चों के उपर आ गिरी। मलबे में करीब 6 बच्चें दब गए जिनमें से मीनु की इलाज के दौरान मौत हो गई। भिवाड़ी थाना अधिकारी सचिन शर्मा ने बताया- अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। निजी गोपीनाथ अस्पताल में भर्ती कराया सभी घायलों को भिवाड़ी के निजी गोपीनाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल ज्योतिष और शिवम को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है, जबकि बाकी तीनों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। नहाते समय हुआ हादसा बच्ची के पिता हेमंत शर्मा ने बताया- उनकी पत्नी अरुणा, बेटी मीनू और 5 वर्षीय बेटा ज्योतिष टंकी के पास नहा रहे थे, तभी दीवार गिर गई। हादसे में 12 वर्षीय शिवम, 40 वर्षीय श्रीमणि और 25 वर्षीय जीतू भी घायल हुए हैं। पिता ने बताया- कंपनी की तरफ से अभी तक कोई आदमी आकर नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि कंपनी की तरफ से इलाजा करवाया जा रहा है। मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाया निर्माण साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि टंकी का निर्माण मात्र पांच दिन पहले ही पूरा हुआ था और दीवार कच्ची थी। इसके बावजूद उसमें करीब 5 से 6 हजार लीटर पानी भर दिया गया, जिससे पानी के दबाव को दीवार सहन नहीं कर पाई और ढह गई। स्थानीय प्रशासन और मजदूर यूनियनों की ओर से मामले की गहन जांच की मांग की जा रही है। शव भिवाड़ी जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया मृतका मीनू का शव भिवाड़ी जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है, जिसका पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा।