भीलवाड़ा में पुलिस की गिरफ्त से साथी को छुड़ाने के लिए चोरों ने ASI पर गुलेल से वार किया। गुलेल से निकला पत्थर लगने से ASI के कान का पर्दा फट गया। लहूलुहान होने के बावजूद एएसआई ने चोर को नहीं छोड़ा तो चोर के साथी उसे छोड़कर भाग गए। घटना कोटड़ी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है। घायल ASI को हॉस्पिटल लेकर गए। उनके कान पर 13 टांके आए हैं। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चोर भागते नजर आ रहे हैं। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 4 PHOTOS… ASI पर गुलेल से किया वार, कान से बहने लगा खून कोटड़ी थाना अधिकारी महावीर प्रसाद ने बताया- पुलिस को रविवार रात करीब डेढ़ बजे ज्वेलरी शोरूम ‘श्रीनाथ ऑर्नामेंट्स’ का शटर तोड़कर चोरी की वारदात होने की सूचना मिली थी। थाने के एएसआई कैलाश चन्द्र पुलिस की गाड़ी में साथी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां चार चोर दुकान का शटर तोड़कर चोरी की वारदात करने की फिराक में थे। एएसआई कैलाश चंद्र ने भाग रहे चार चोरों में से एक को पकड़ लिया। उसे छुड़ाने आए साथी चोर ने गुलेल से ASI कैलाश चंद्र के कान पर वार किया। गुलेल का पत्थर एएसआई के कान पर लगा, जिससे खून बहने लगा और पर्दा भी फट गया। जवानों ने पुलिस गाड़ी से चोरों को पीछा किया, लेकिन 3 चोर भाग निकले, जबकि कैलाश चंद्र ने एक चोर को पकड़े रखा। मौके से दो बाइक, एक गुलेल, सरिया और शटर तोड़ने का सामान भी बरामद किया गया है। कान का पर्दा फटा, 13 टांके आए घायल ASI को साथी पुलिसकर्मी कोटड़ा के सरकारी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बताया कि उनके कान का पर्दा फट चुका है। कान भी कटकर लगभग अलग होने को है। कान पर करीब 13 टांके लगाए गए। चोरों के हमले में पुलिस की जीप का कांच भी टूट गया। फिलहाल पकड़े गए चोर से पूछताछ जारी है।
