झालावाड़ में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 256 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने ए.एन.टी.एफ. झालावाड़ से मिली सूचना के आधार पर मजदूर तिराहा क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध रसीद खान उर्फ दूल्लाभाई (46) निवासी साकेत नगर, कोटी के पीछे, थाना कोतवाली, झालावाड़ की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 256 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रसीद खान ने बताया कि वह गांजा बड़ी मात्रा में खरीदता था। इसके बाद वह उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर शहर में अवैध रूप से बेचता था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
