भरतपुर में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए युवक का झरने में नहाते समय पैर फिसल गया। वह तालाब में गिर गया और गहराई में जाने से पानी से बाहर नहीं आया। इसके बाद साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। मौके पर सिविल डिफेंस की टीम भी पहुंची। करीब 30 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अजय का शव बाहर निकाला जा सका। घटना बयाना के दर्र बहराना झरने पर रविवार की दोपहर करीब 2 बजे हुई। गढ़ी बाजना थाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल सुजान सिंह ने बताया- हादसे में आगरा निवासी अजय(23) की मौत हो गई। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि इंस्टाग्राम पर झरने की रील देखकर युवक दोस्तों के साथ संडे को घूमने आए थे। पैर फिसलने से झरने में गिरा युवक
मृतक अजय के दोस्त संस्कार और नैतिक ने बताया कि हम तीनों दोस्त उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। इंस्टाग्राम पर दर्र बहराना झरने की रील देखी थी, इसके बाद तीनों ने संडे के दिन यहां आने का प्रोग्राम बनाया था। एक ही स्कूटी पर तीनों सुबह 10 बजे झरने पर पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे अजय निवासी राजपुर चुंगी(आगरा) का पैर फिसल गया और वह फिसलते हुए तालाब में गिर गया। गिरते ही वह गहराई में चला गया और बाहर निकल सका। 30 मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
अजय के साथियों ने उसे ढूढ़ने की कोशिश की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत गढ़ी बाजना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया और सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 30 मिनट के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। शव मिलने के बाद उसके साथियों और पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। साथ ही शव को फिलहाल बयाना के सरकारी हॉस्पिटल में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हेड कॉन्स्टेबल सुजान सिंह ने बताया कि अजय आगरा के एक प्राइवेट कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। पिता विनोद किराना दुकान चलाते हैं। 4 भाई हैं, जिसमें सबसे छोटा अजय था। इनपुट- महेश शर्मा, बयाना, भरतपुर