जोधपुर की एक कंपनी ने दीपावली पर अपने 4 कर्मचारियों को कार गिफ्ट की है। 35 कर्मचारियों को सोने-चांदी के सिक्के दिए। धनतेरस पर 6 नवंबर को जोधपुर के एक रिजॉर्ट में हुए दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम में कर्मचारियों को गिफ्ट दिए गए, जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। कंपनी की ओर से कर्मचारियों को कार की चाबी दी गई, कार्यक्रम के PHOTOS
हैरियर जैसी लग्जरी कार दी गिफ्ट दरअसल, मीडियागढ़ जोधपुर बेस्ड एजुकेशन मार्केटिंग एजेंसी है। जोधपुर के अलावा इसके जयपुर और बेंगलुरु में भी ऑफिस हैं। कंपनी के मालिक पंकज बुधवानी और वंशिका बुधवानी ने बताया कि पिछले तीन साल से दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम किया जा रहा है। इस बार भी जोधपुर में ये कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जहां कंपनी में काम करने वाले नितीन प्रताप सिंह को टाटा हैरियर, महक लालवानी को i20, प्रंजाल और अमन को टाटा की टियागो कार दिवाली गिफ्ट में दी गई। सोने-चांदी के सिक्के भी दिए कंपनी के अनुसार-पिछले साल दीपावली पर भी दो एम्प्लॉई को कार दी गई थी। इस बार कार के अलावा 35 कर्मचारियों को सोने-चांदी के सिक्के दिए गए हैं। 20 कर्मचारियों को 50-50 ग्राम के चांदी के सिक्के और 15 में से 5 को 2-2 ग्राम के और बाकी को 1-1 ग्राम के सोने के सिक्के गिफ्ट दिए गए। कंपनी के मालिक बोले-कर्मचारियों की वजह से ही कंपनी इस मुकाम तक पहुंची
मीडियागढ़ के संस्थापक पंकज बुधवानी ने कहा- आज कर्मचारियों की वजह से ही कंपनी इस मुकाम तक पहुंची है। कर्मचारियों के परिवार की मौजूदगी में उन्हें ये खास गिफ्ट दिया गया है। ये कर्मचारियों के मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं। कम्पनी की को-फाउंडर वंशिका ने कहा- कर्मचारियों के योगदान को पहचान देना हमारे वर्क कल्चर में शामिल है। साल 2012 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
कंपनी की शुरुआत साल 2012 में बॉम्बे मोटर चौराहे पर 150 स्क्वायर फीट कमरे से हुई थी। कंपनी में 100 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं। पिछले तीन साल से कंपनी कार गिफ्ट में दे रही है। ओवरऑल परफॉर्मेंस, आगे क्या इनोवेशन करेंगे और जिन कर्मचारियों को कम से कम 2 साल हो गए हैं, उन्हें कार दी गई।
