राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल पूरी तरह से एक्टिव मूड में आ गई है। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र सिंह अवाना ने बताया कि राजस्थान में पार्टी का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में सबसे पहले राज्य के सातों संभागों में संगठनात्मक टीम का गठन किया जाएगा। इसी क्रम में राजधानी जयपुर में शहर अध्यक्ष का चयन हो चुका है, जिसकी आधिकारिक घोषणा 22 सितंबर (नवरात्रि के पहले दिन) की जाएगी। वहीं सातों संभागों के पदाधिकारियों की सूची भी अंतिम चरण में है। जिसे जल्द जारी किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकारिणी बनाई जाएगी, ताकि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके। अवाना ने कहा कि अगले कुछ दिनों में राजस्थान के सातों संभागों में राष्ट्रीय स्तर की रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी सहित देशभर के वरिष्ठ RLD नेता शामिल होंगे। राज्य में पहली बड़ी रैली 5 अक्टूबर को बयाना में होगी। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में भी बड़ी रैलियों की योजना है, जहां हजारों कार्यकर्ता भविष्य की रणनीति पर मंथन करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि RLD पहले ही 11 जुलाई को निकाय और पंचायत चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुका है। चुनाव आयोग में पार्टी ने अपने चुनावी प्रतीक हैंडपंप के लिए आवेदन भी कर दिया है। गठबंधन को लेकर अवाना ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पार्टी ने किसी भी स्तर पर कोई फैसला नहीं लिया है। उनका कहना है कि चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के मिल रहे सकारात्मक समर्थन के बल पर राष्ट्रीय लोकदल आने वाले दिनों में कांग्रेस और भाजपा दोनों को कड़ी चुनौती देगा।