कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कैलाश चौधरी के हवा-हवाई नेता वाले बयान पर कहा- जनता ने बता दिया कि हवा-हवाई नेता कौन है। उनको ऊपर से आदेश हैं, उनको कहा गया है मदन राठौड़ फेल हो गए हैं आप इधर-उधर घूमो। वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- एक नया कांसेप्ट आया है। जो इनकी (बीजेपी) की विचारधारा से सहमत नहीं है, उसे पाकिस्तानी बता दो। RLP सुप्रीमो सांसद हनुमान बेनीवाल और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के बीच चल रहे विवाद पर कहा कि राजनीति में ऐसी भाषा का प्रयोग किसी को नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा कोटा जाते समय टोंक के पास कार्यकर्ताओं से मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, नीट पेपर लीक और पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी पर बयान दिए। राहुल गांधी और खड़गे ही पूरे देश में पार्टी के चेहरे हैं। पार्टी उनकी आइडियोलॉजी पर चुनाव लड़ेगी। डोटासरा ने कहा- राजस्थान में 2028 का विधानसभा चुनाव किसी चेहरे पर नहीं लड़ा जाएगा। मैं अपनी बात पर कायम हूं। ‘कैलाश चौधरी अब क्याें बोल रहे’ पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी द्वारा गत दिनों टोंक दौरे के दौरान प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा को हवा हवाई नेता बताने पर डोटासरा ने कहा- वो तो जनता ने निर्णय कर दिया हवा में कौन है, मैं जीत कर आया और वे केंद्रीय मंत्री होते हुए भी चुनाव हार गए। ये जनता जनार्दन जिसको आशीर्वाद देती है वह हवा में नहीं रहता है, हवा के तो ढाई साल से बीजेपी सरकार है। अभी शायद कैलाश चौधरी को मदन राठौड़ की जगह लेने के लिए ऊपर से कुछ चल रहा है। इसलिए बोलते हैं, वरना ढाई साल से तो कुछ नहीं बोल रहे थे। ‘राठौड़ फेल, आप इधर-उधर घूमो’ डोटासरा ने कहा- 5 साल केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रहे है और किसानों के लिए क्या किया बता दीजिए। अभी किसान कह रहे थे कि फसल बीमा योजना में लूट हो रही है, आपदा में जो मिलना चाहिए, वो मिल नहीं रहा है। 3 काले कानून उनके कार्यकाल में किसानों को परेशान करने के लिए लाए गए थे। आप समझ सकते हो, अभी उन्हें कुछ न कुछ कहना है, लेकिन अभी कुछ कहने का समय नहीं है अभी कुछ करने का समय है। ढाई साल तो चले गए हैं अब ढाई साल बचे हैं अब लोगों के लिए कुछ करना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री को कहा गया है कि मदन राठौड़ फेल हो गए हैं, आप इधर-उधर घूमो। प्रशासक पैसे नहीं ला पा रहे डोटासरा ने कहा- बच्चों को नौकरियां नहीं हैं। किसानों को परेशान किया जा रहा है। किसान परेशान हो रहा है, प्रताड़ित हो रहा है, आत्महत्या कर रहा है। सड़कें टूटी पड़ी है बजरी माफिया हावी, अपराध हावी है। रेप की घटना हो रही है। सरकार बैठे-बैठे चल रही है। मुख्यमंत्री दिल्ली हाजिरी लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री बीस बार दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिल लिए, लेकिन प्रदेश के लिए बीस रुपए नहीं लाए। पंचायती राज में प्रशासक लगा रखे हैं वे पैसे नहीं ला पा रहे है। क्या ERCP को राष्ट्रीय परियोजना घोषित कर दी। क्या पेपर लीक रोक दिया। 2024 से पेपर लीक हो रहे हैं। एक CBSE की परीक्षा ठीक से करवा नहीं पा रहे हैं। सरकार की जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री को हटाएं डोटासरा ने कहा- दलित समेत अन्य वर्गों के लोग परेशान हैं, लेकिन इन्हें तो RSS का एजेंडा चलाना है। इनको लोगों के सुख-दुख से कोई मतलब नहीं है। हिंदू, मुस्लिम करके लोगों को लड़ाया जा रहा है। धर्म के नाम पर और ईडी का दुरुपयोग करके सरकार बनाना इनका लक्ष्य है। सरकार CBSE में लापरवाही पर अफसर का हटा देती है। तो क्या नीट पेपर लीक मामले में सरकार की जिम्मेदारी नहीं बनती है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाएं। सीबीआई तो इनका तोता नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- ने कहा कि केंद्र सरकार छोटे छोटे उद्योग खत्म कर रही है, सरकार इनके बड़े उद्यमी मित्रों को फायदा पहुंचा रही है। इससे गरीबी अमीरी की खाई बढ़ती जा रही है। छात्रों, युवाओं के सपनों से खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार ने हर दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। 12 साल के शासन में 24 करोड़ को नौकरियां मिलनी चाहिए, लेकिन मुझे तो कहीं नौकरियां दिखाई नहीं दे रही। नीट पेपर लीक को सरकार ने माना ही नहीं, 9 दिन तक तो मामला दर्ज नहीं हुआ, लेकिन पुख्ता प्रूफ देने पर सरकार ने माना कि नीट पेपर लीक हुआ है। इसकी जांच सीबीआई को सौंपी है, वह तो इनका तोता है। बुराई कर दो पाकिस्तानी बता देते हैं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- ईडी , सीबीआई, इनके इशारे पर काम रहती है। एक नया कांसेप्ट और आया है, जो इनकी विचारधारा से इनसे सहमत नहीं है। उन्हें पाकिस्तानी बता दो। ताज्जुब की बात तो है यह कि एक लड़के की कॉपी एग्जाम में नहीं मिली तो उसे पाकिस्तानी बता दिया। बीजेपी लोगों को धर्म, जाति के नाम जहर लड़ा रही है। डोटासरा ने कहा- सचिन पायलट हमारे आईसीसी के महासचिव हैं। मेरे से पहले प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। हमारे लिए सबके लिए सम्मानीय है। पायलट हमारे नेता हैं। अशोक गहलोत हमारे नेता हैं। मीडिया बिजली- पानी की समस्या उठाए। भाजपा के शासन में जनता बिजली पानी से परेशान हैं। आप कांग्रेस को मजबूत करो। कांग्रेस का साथ देने वाले मुद्दे उठाओ। कांग्रेस का साथ दो। इस दौरान निवाई के पूर्व विधायक कमल लोदी, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, रामबिलास चौधरी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष विकास लोदी, एडवोकेट मूलचंद बैरवा, कैलाशी मीणा, मौसमी मीणा आदि मौजूद रहे।
