जीरकपुर में स्पा सेंटरों के बाद अब होटलों की आड़ में देह व्यापार का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत शिवालिक विहार स्थित होटल सुपर सेवन में छापा मारा। इस दौरान होटल मैनेजर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि होटल से चार युवतियों को रेस्क्यू कराया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए होटलों और अन्य जगहों पर जांच की जा रही है। स्पा सेंटरों पर कार्रवाई के बाद अब कुछ होटलों में भी ऐसी गतिविधियां सामने आ रही हैं। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रिहायशी इलाकों में होटलों की निगरानी पर सवाल इस घटना के बाद रिहायशी इलाकों में चल रहे होटलों के कामकाज और उन पर प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे होटलों की नियमित जांच की जाए। साथ ही, उनके लाइसेंस और नियमों के पालन की भी जांच होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान जांच अभियान और तेज किया जाएगा।
