जयपुर में बेकाबू रोडवेज बस ने दो कार, स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बेटे के साथ जा रही महिला के ऊपर से कार का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटे को भी चोट आई है। वहीं स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुरलीपुरा थाना इलाके में सीकर रोड पर खेतान चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने बस ड्राइवर राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर को गिरफ्तार कर लिया। बस पर ट्रैफिक नियम के 13 चालान पेंडिंग हैं। थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया- पूछताछ में बस ड्राइवर राकेश ने बताया कि ब्रेक के नीचे ईंट लगी थी, जिसका उसे पता नहीं था। इससे बस में ब्रेक नहीं लग पाए। पुलिस हादसे से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पड़ताल की जा रही है। अब देखिए, हादसे के CCTV फुटेज… कार को पीछे से मारी टक्कर खेतान चौराहे के पास कट पर कुछ वाहन खड़े थे। इसी दौरान श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही रोडवेज बस ने नीली कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ड्राइवर कंट्रोल नहीं रख पाया और कार की चपेट में पास खड़ी बाइक आ गई। बाइक पर मुरलीपुरा की भगत की ढाणी निवासी तुलसी देवी (49) बेटे धीरेंद्र सैनी के साथ थीं। दोनों विद्याधर नगर से घर से जा रहे थे। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। तुलसी देवी के ऊपर से कार का पहिया निकल गया। वे गंभीर घायल हो गईं। धीरेंद्र को भी चोटें आईं। बस के पहिए के नीचे फंसी स्कूटी इस दौरान बस ने स्कूटी और एक अन्य कार को भी चपेट में ले लिया था। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के अगले पहिए के नीचे फंस गई। स्कूटी सवार महेश चौधरी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े। लोगों ने तुलसी देवी, धीरेंद्र और महेश चौधरी को कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी ने हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा लोगों ने बस ड्राइवर राकेश कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। तुलसी देवी (मृतका) के परिजनों की शिकायत पर बुधवार रात राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हादसे के बाद पुलिस दोनों कार, बाइक और स्कूटी को थाने ले गई। तुलसी देवी का बेटा धीरेंद्र विश्वकर्मा में 14 नंबर पर पिता सूरजमल सैनी के साथ बक्से-अलमारी बनाकर बेचने का काम करता है। बस के 13 चालान पेंडिंग जिस बस से हादसा हुआ, उसके खिलाफ ट्रैफिक नियम के 13 चालान पेंडिंग हैं। इन मामलों में 92 हजार रुपए का जुर्माना लगा है। इनमें शाहजहांपुर टोल से बिना परमिट गुजरने के 7 चालान शामिल हैं। ये चालान जनवरी में काटे गए थे। प्रत्येक 10-10 हजार रुपए का था। ओवर स्पीड के 3 और प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने व नो पार्किंग के 3 चालान काटे गए थे।
