जयपुर में ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी से जानलेवा स्टंट का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालते ही लोगों की जान खतरे में डालने को लेकर पुलिस सर्तक हो गई। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस की ओर से FIR दर्ज कर आरोपी स्टंटवाज को शनिवार दोपहर अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टंट के दौरान यूज स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की है। डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा ने बताया- स्टंटवाजी कर लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में साकिब खान (24) पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी फातिमा कॉलोनी रामगढ़ मोड़ ब्रह्मपुरी को अरेस्ट किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम) पर ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी से स्टंट करने वाले एक लड़के का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। जिसमें वह खुद व अन्य लोगों की जान जोखिम में डालकर खतरनाक जानलेवा स्टंट करता दिखाई दे रहा था। SHO (ब्रह्मपुरी) हेमंत जगनाल ने नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। वीडियो में दिखाई दे रहे स्टंटवाज की पहचान की गई। स्टंटवाज की पहचान साकिब खान निवासी ब्रह्मपुरी के रुप में हुई। पुलिस की ओर से शनिवार दोपहर दबिश देकर आरोपी साकिब खान को पकड़ा गया। जिसके कब्जे से स्टंट के लिए यूज स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त किया।