राजस्थान में अगले साल फरवरी से जनगणना का दूसरा फेज शुरू होगा। जनगणना के दूसरे फेज में लोगों की गिनती की जाएगी। 40 सवाल पूछे जाएंगे। राज्य सरकार ने जनगणना के 40 सवालों का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार 11 सवाल ज्यादा जोड़े गए हैं। जनगणना के दूसरे फेज में इस बार कोविड वैक्सीन लगाने के बारे में भी सवाल पूछा जाएगा। कोविड वैक्सीन कहां लगवाई, इसकी जगह पूछी जाएगी। इस बार बैंक अकाउंट नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट नंबर भी पूछे जाएंगे। ये सवाल पहली बार शामिल किए गए हैं। साल 2011 की जनगणना के दूसरे फेज में 29 सवाल थे, 2027 की जनगणना में 40 सवाल होंगे। जनगणना में जाति भी पूछी जाएगी लोगों की गिनती के समय 40 सवालों में जाति के बारे में भी सवाल है। लोग अपनी जाति के बारे में ब्यौरा भर सकेंगे। जातिगत जनगणना को लेकर लंबे समय से सियासत गर्मा रही है। विपक्ष जाति पूछने के कॉलम पर सवाल उठा रहा है। एससी, एसटी और आगे जाति का कॉलम दिया हुआ है। विपक्ष का आरोप है कि इस तरह कॉलम खुला छोड़ने से जातियों की सही गिनती सामने आने में ​दिक्कत होगी। जनगणना के सवालों का गलत जवाब दिया या बाधा पहुंचाई तो जेल और जुर्माना जनगणना कानून के मुताबिक, जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों का सही जवाब देने के लिए लोग बाध्य हैं। अगर कोई जनगणना के काम में बाधा पहुंचाता है या जान बूझकर सवालों के गलत जवाब देता है तो तीन साल तक की सजा और एक हजार रुपए जुर्माने का प्रावधान है।