जगराओं में रायकोट रोड पर सोनालीका ट्रैक्टर एजेंसी के पास बुधवार को चलते मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मोटरसाइकिल सवार युवक ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल मालिक गगनदीप सिंह निवासी चुंगी नंबर-5 ने बताया कि उनके पल्सर मोटरसाइकिल की टंकी वाली मोटर में खराबी थी। उन्होंने इसे जगराओं स्थित बजाज एजेंसी से ठीक करवाया था। इसके बाद वह अपने दोस्त कुलदीप सिंह के साथ मोटरसाइकिल लेकर वापस लौट रहे थे। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना गगनदीप के अनुसार, जब वे रायकोट रोड पर सोनालीका एजेंसी के पास पहुंचे तो अचानक मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए कुलदीप सिंह ने तुरंत मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी और सुरक्षित बच गए। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने से मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।