झालावाड़ जिले के दांगीपुरा क्षेत्र में चांदपुरा भीलान गांव में गुरुवार को छोटे तालाब में डूबने से 2 चचेरे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों को इस हादसे का पता तब चला जब उन्हें कुछ दिनों पहले जेसीबी द्वारा खोदे गए पानी से भरे गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल मिले। संदेह होने पर ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश की, जहां दोनों बच्चों के शव पानी में तैरते हुए पाए गए। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय नवीन भील पुत्र दीवान भील और 10 वर्षीय भूरालाल पुत्र इंद्र सिंह भील के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। बच्चों को तुरंत मनोहरथाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही दांगीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को मनोहरथाना अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। दोनों बच्चे सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे। एक ट्रैक्टर ड्राइवर की सूचना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। दांगीपुरा थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
