बूंदी के नैनवां थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन कालिका’ अभियान के तहत तीन मनचलों को गिरफ्तार किया है। इन पर छात्राओं को देखकर सीटी बजाने और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है। यह कार्रवाई शहर में चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। थानाधिकारी सहदेवसिंह मीना ने बताया कि ‘डिकाय ऑपरेशन कालिका’ के दौरान महिला कांस्टेबलों को सार्वजनिक स्थानों पर सादे कपड़ों में तैनात किया गया था। इसका उद्देश्य ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करना था। इसी अभियान के तहत, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के बाहर छात्राओं को देखकर सीटी बजाने और अभद्र टिप्पणी करने वाले तीन युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां
