उदयपुर में एक महंगी बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने परिवादी को ही चक्कर कटवा दिए। शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया, बल्कि परिवादी से ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए कहा। उसके बाद भी पुलिस ने कुछ नहीं किया। मामला भी शिकायत देने के 2 दिन बाद दर्ज किया। थक हारकर परिवादी ने इनाम रखा और बाइक (बजाज पल्सर-RJ27BB7381) की जानकारी मिल गई। उदयपुर से करीब 61 किलोमीटर दूर बाइक का इनपुट मिला। परिवादी ने अपने साथियों के साथ वहां जाकर फिल्मी स्टाइल में जीप रुकवाकर बाइक पकड़ी। बाद में पास के पुलिस थाने तक बाइक दी और उदयपुर पुलिस को सूचना दी। यहीं नहीं पुलिस ने इसके बाद भी एक कदम इसमें आगे नहीं बढ़ाए। मामला उदयपुर शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र का है। नवरत्न कॉम्प्लेक्स लिंक रोड निवासी 25 वर्षीय अब्बास पुत्र अली हुसैन कानोड़वाला की बाइक 10 मई की सुबह एमबी अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। 9 मई की रात अब्बास अपने बीमार पिता को अस्पताल में भर्ती करवाकर वहीं रुका था। उसने रात करीब सवा दस बजे अपनी लाल रंग की बाइक कार्डियोलॉजी पार्किंग में खड़ी की थी। अगले दिन सुबह हॉस्पिटल से बाहर आया तो बाइक गायब मिली। इस पर परिवादी ने तुरंत हाथीपोल पुलिस थाने में शिकायत दी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा पुलिस ने अब्बास से ही सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कहा। इसके बाद उसने अस्पताल और आसपास के कैमरे खंगाले, जिसमें दो युवक बाइक का लॉक तोड़कर ले जाते दिखाई दिए। ये फुटेज पुलिस को भी सौंपे गए। पिता बोले पुलिस उसी समय एक्टिव होती तो पकड़ा जाते
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब्बास के पिता अली हुसैन कानोड़वाला का कहना है कि यदि पुलिस रिपोर्ट दी तब ही सक्रिय हो जाती तो आरोपी तुरंत पकड़ में आ सकते थे। एफआईआर भी दो दिन बाद 12 मई को दर्ज की गई। परिवादी के पिता ने बताया कि तबीयत खराब होने के बावजूद वह खुद थाने गए और पुलिसकर्मियों से पूछा कि क्यों चक्कर दे रहे हैंतो पुलिसकर्मी बोला अभी हमारे निरीक्षण हैं इसको बाद में देखते हैं। पिता ने ईनाम रखा तो बदमाश की सूचना मिली पिता अली हुसैन ने बताया कि पुलिस का सहयोग नहीं के बराबर था तो फिर हमने सोशल मीडिया के जरिए बाइक का फोटो डालकर ​जानकारी देने वाले को 5000 रुपए का इनाम रखा। इस बीच 14 मई को उदयपुर से करीब 61 किलोमीटर दूर बेकरिया पुलिस थाना के मालवा का चौरा के पास बाइक होने का एक फोन आया। सामने वाले ने बाइक का फोटो भी भेजा। इसकी सूचना हमने हाथीपोल पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने कहा कि बाइक वहां खड़ी नहीं है, क्या कर सकते। अब्बास ने कहा कि बाइक वहीं है जांच करेंगे तो मिल जाएगी, लेकिन पुलिस ने सहयोग नहीं किया। 15 मई को वापस परिवादी के पास फिर कॉल आया। इस पर सुबह साढ़े पांच बजे अब्बास अपने दो दोस्तों, एक मामा के लड़के साथ मौके पर पहुंचा। इस बीच सूचना देने वाले दो जने भी वहां मिल गए। वहां पता चला कि बाइक एक जीप में भरकर गुजरात की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद ग्रामीणों और साथियों की मदद से फिल्मी अंदाज में जीप को रास्ते में रुकवाया गया। जीप की जांच करने पर उसमें बाइक मिली। चेसिस नंबर मिलाने पर पुष्टि हुई कि बाइक उसी की है। इसके बाद बाइक को बेकरिया थाने ले जाकर पुलिस को सुपुर्द किया गया और हाथीपोल थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि बाइक मिलने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिवार का कहना है कि यदि पुलिस बरामदगी के आधार पर जांच आगे बढ़ाए तो पूरे गिरोह का खुलासा हो सकता है। अब्बास के पिता ने बताया कि बदमाश बाइक का लॉक तोड़ने के साथ ही वाहन को कई जगह से नुकसान भी पहुंचा चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि बाइक को गुजरात में बेचने की तैयारी थी।
मामले में हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि टीम को आरोपियों की तलाश के लिए भेजा गया है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवादी को चक्कर लगाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी। ये खबर भी पढ़े… एमबी हॉस्पिटल की पार्किंग से बाइक चोरी, VIDEO:लॉक तोड़कर उठा ले गए दो बदमाश, सीसीटीवी फुटेज में ले जाते दिखे चोर
उदयपुर शहर में वाहन चोरी के घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। संभाग के सबसे बड़े महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में दो दिन पहले हुई बाइक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें दो चोर बाइक का लॉक तोड़कर बाइक चोरी करते नजर आ रहे हैं। (पूरी खबर पढ़े)