चितलवाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी बालोतरा जिले के पादरू का रहने वाला है और मिठीबेरी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने यह कार्रवाई पंचायतीराज चुनाव 2026 के मद्देनजर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत की। काली स्कॉर्पियो में डालकर किया था अपहरण पुलिस के अनुसार, 8 जनवरी 2026 को आरोपियों ने कुकावास निवासी ओमप्रकाश विश्नोई का सिवाड़ा की सरहद से अपहरण कर लिया था। उसे बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में डालकर मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उसे गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में गाड़ी से नीचे पटककर फरार हो गए थे। मामले में 9 जनवरी 2026 को चितलवाना थाने में केस दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने पकड़ा एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू और सांचौर वृत्ताधिकारी अरविंद जागिंड के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी भंवरलाल बड़ियासर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।