गर्मी की छुट्टियों के चलते चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश, बिहार, मुंबई, गुजरात, झारखंड और राजस्थान जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थिति यह है कि कई नियमित ट्रेनों में अगले एक महीने तक सीटें उपलब्ध नहीं हैं और यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से देश के विभिन्न राज्यों और शहरों के लिए करीब 40 नियमित ट्रेनें संचालित होती हैं। इन दिनों समर सीजन के कारण अधिकांश ट्रेनों में स्लीपर से लेकर फर्स्ट एसी तक की सीटों की मांग बढ़ गई है। कई ट्रेनों में सीटों की बुकिंग पूरी तरह भर चुकी है। हालात यह हैं कि तत्काल कोटा खुलने के कुछ मिनटों के भीतर ही सभी सीटें बुक हो जाती हैं। नियमित ट्रेनों के स्लीपर कोच में वेटिंग 100 से 120 तक पहुंच रही है, जबकि एसी कोच में 80 से 100 तक वेटिंग चल रही है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने गांव जाने या पर्यटन स्थलों पर घूमने की योजना बना रहे हैं। लेकिन ट्रेनों में सीटें नहीं मिलने और हवाई टिकटों के दाम बढ़ने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। कई यात्रियों को कंफर्म टिकट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों को राहत देने के लिए चलाईं स्पेशल ट्रेनें नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से वाराणसी, धनबाद और पटना के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें संचालित की हैं। इन ट्रेनों में अभी सीटें उपलब्ध हैं और यात्रियों को आसानी से टिकट मिल रही है। हालांकि जानकारी के अभाव में इन ट्रेनों में नियमित ट्रेनों की तुलना में भीड़ कम है। चंडीगढ़ से चलने वाली स्पेशल ट्रेनें 04228 वाराणसी स्पेशल फेयर एसी – सुबह 6 बजे, सोमवार और शुक्रवार 03312 धनबाद स्पेशल – सुबह 5:40 बजे, मंगलवार और रविवार 04512 पटना स्पेशल – रात 11:35 बजे, वीरवार इन ट्रेनों में सबसे ज्यादा वेटिंग ऊंचाहार एक्सप्रेस, टाटा नगर एक्सप्रेस, गोवा संपर्क क्रांति, पश्चिम एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ सुपरफास्ट, लखनऊ एक्सप्रेस, शिरडी एक्सप्रेस, नांदेड़ सुपरफास्ट, इंदौर सुपरफास्ट और बांद्रा एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों में भारी वेटिंग चल रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि छुट्टियों के कारण यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे समय रहते टिकट बुक कराएं और आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेनों का विकल्प भी चुनें।
