प्रतापगढ़ जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गौतमेश्वर महादेव मंदिर में वैशाखी पूर्णिमा के अवसर पर एक विशाल मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे दिन जारी रहा। आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक केंद्र माने जाने वाले गौतमेश्वर में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। कलेक्टर और एसपी ने किया दौरा मेले के दौरान जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने गौतमेश्वर का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं में दिखा विशेष उत्साह गौतमेश्वर स्थित पवित्र मंदाकिनी कुंड में स्नान के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस कुंड में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं को ‘पाप मुक्ति प्रमाण पत्र’ भी प्रदान किया गया, जिसे आदिवासी समाज में गहरी आस्था के साथ स्वीकार किया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, गौतमेश्वर महादेव स्थल गौतम ऋषि की तपोभूमि रहा है। कहा जाता है कि यहीं उन्हें गौ हत्या के पाप से मुक्ति मिली थी। इसी कारण यह स्थान आदिवासी समाज में ‘हरिद्वार’ के समान पवित्र माना जाता है। सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम मेले में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया गया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में दर्शन करने के बाद क्षेत्र में शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।