मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला में तरनतारन में एक भव्य एवं अत्याधुनिक ड्रोन शो का आयोजन किया गया। डिप्टी कमिश्नर राहुल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन तरनतारन द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 500 ड्रोन्स ने आसमान में दर्शाया गुरु जी का जीवन दर्शन श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल तरनतारन के खेल मैदान में आयोजित इस ड्रोन शो के दौरान 500 ड्रोन्स ने एक साथ उड़ान भरकर रात के समय आसमान को अद्भुत और भक्तिमय आकृतियों से रोशन कर दिया। इन डिजिटल आकृतियों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन और उनकी महान शिक्षाओं का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। शो में उपस्थित विशाल संगत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुरु साहिब के सामाजिक समानता, दया, न्याय और आपसी भाईचारे के संदेश से अवगत कराया गया।
राज्य भर में आयोजित हो रहे 92 ड्रोन शो इस अवसर पर म्युनिसिपल काउंसिल के पूर्व प्रेसिडेंट भूपिंदर सिंह खेड़ा सहित अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं। उन्होंने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह एक अनूठी पहल है, जिससे युवा पीढ़ी को गुरु साहिब की वाणी और विचारों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे पंजाब में आयोजित किए जा रहे कुल 92 ड्रोन शो की श्रृंखला में से दो शो तरनतारन और पट्टी में आयोजित किए गए हैं।
रागी जत्थे के कीर्तन से भक्तिमय माहौलट तकनीक और आध्यात्मिकता के इस संगम वाले कार्यक्रम में एसडीएम तरनतारन डॉ. करणवीर सिंह और नायब तहसीलदार रतनजीत खुल्लर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य ड्रोन शो के शुभारंभ से पूर्व भाई जसबीर सिंह जालंधर वाले के रागी जत्थे द्वारा मनमोहक गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।