गुरदासपुर जिले के अंतर्गत आते विधानसभा हलका दीनानगर के गांव मियाणी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ से टकरा गई, जिसके तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे में कार चला रहे बहरामपुर निवासी सन्नी भगत की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से भड़की कि चालक को निकलने का मौका ही नहीं मिला। टक्कर के बाद आग का गोला बनी कार जानकारी के अनुसार, सन्नी भगत अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। जब वे गांव मियाणी के समीप पहुंचे, तो अचानक वाहन से उनका नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हुई कार सड़क किनारे लगे सफेदे के पेड़ से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। सन्नी भगत को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवार में मचा कोहराम घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन चुकी थी। मृतक सन्नी भगत अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इस दुखद हादसे के बाद बहरामपुर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
