4 दिन पहले गुरदासपुर जिले में गीता भवन रोड स्थित दुकान के बाहर हेंड ग्रेनेड फेंकने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी की तस्वीर जारी कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी कर जानकारी देने वाले के लिए कैश रिवार्ड का ऐलान किया है। वहीं, जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा भी दिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम दो मोटरसाइकिल सवार युवक दुकान के बाहर ग्रेनेड फेंककर मौके से फरार हो गए थे। राहत की बात यह रही कि आरोपी ग्रेनेड की पिन नहीं निकाल पाए और एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन, उस समय सड़क पर भीड़ अधिक थी। अगर ग्रेनेड फटता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने ग्रेनेड को कब्जे में लिया
सोमवार को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे बाजार को तुरंत बंद करवा दिया गया। जिस स्थान पर ग्रेनेड नाली में गिरा हुआ था, उसे रेत से भरी बोरियों से ढक दिया गया, ताकि किसी प्रकार का खतरा न हो। पुलिस ने अमृतसर से बम निरोधक दस्ता बुलाया, जिसने देर रात मौके पर पहुंचकर ग्रेनेड को सुरक्षित कब्जे में लिया और उसकी जांच शुरू की। एसएसपी अदित्या ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज भी आई सामने
इस घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी के अनुसार, शाम करीब सवा सात बजे आरोपी मौके पर पहुंचे और दुकान के बाहर ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए। कुछ समय बाद जब एक कबाड़ उठाने वाला युवक वहां पहुंचा, तो उसने ग्रेनेड को उठाकर दुकान पर काम करने वाले युवक राहुल को दे दिया। राहुल ने तुरंत इसकी जानकारी दुकान मालिक अटल शर्मा को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पुलिस ने जांच की तेज
पुलिस अब जारी की गई तस्वीर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों में भी जांच तेज कर दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।