भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गुरदासपुर जिले के सीमावर्ती कस्बे डेरा बाबा नानक में सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक बार फिर पाकिस्तान की नापाक साजिश नाकाम हो गई है। पुलिस ने सीमावर्ती गांव पखोके महिमारा के खेतों से एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। एंटी-ड्रोन डिवाइस पर मिले थे सिग्नल थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ (SHO) अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सीमावर्ती इलाकों में स्थापित किए गए आधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम पर पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल हो रहे एक ड्रोन के सिग्नल दर्ज किए गए थे। एंटी-ड्रोन डिवाइस से मिले सटीक लोकेशन इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों ने बिना समय गंवाए गांव पखोके महिमारा के चिन्हित इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। खेतों में चलाया सर्च ऑपरेशन, बरामद हुआ ड्रोन लोकेशन के आधार पर जब पुलिस ने खेतों और आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन (तलाशी अभियान) चलाया, तो वहां एक पाकिस्तानी ड्रोन पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने तुरंत ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इस ड्रोन के जरिए सीमा पार से नशे (हेरोइन) या अवैध हथियारों की कोई खेप गिराई गई थी या यह केवल रेकी के मकसद से भेजा गया था। ड्रोन के डिजिटल डेटा और जीपीएस लोकेशन को खंगालकर इसके ओरिजिन (पाकिस्तान में कहां से उड़ा) और लोकल रिसीवर (भारत में किसे खेप मिलनी थी) का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।