जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर 205 करोड़ रुपए की लागत से बने मेगा कोचिंग टर्मिनल में अब ट्रेनों के मेंटेनेंस का काम हाईटेक तकनीक से होगा। यहां AI बेस्ड अंडरगियर स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया है, जो पूरे ट्रेन के किसी भी कोच के निचले हिस्से में खराबी को सिर्फ 3 मिनट में पहचान सकेगा। इसके साथ ही एक साथ 4 कोच उठाने वाली आधुनिक लिफ्टिंग सिस्टम और बोगी ड्रॉप पिट जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। इस मेगा कोचिंग टर्मिनल का रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को उद्घाटन करेंगे। रेलवे का दावा है कि यह राजस्थान का सबसे बड़ा मेगा कोचिंग टर्मिनल है। 205 करोड़ की लागत से बना मेगा कोचिंग टर्मिनल रेलवे ने जयपुर में बढ़ती ट्रेनों की संख्या और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए खातीपुरा स्टेशन पर मेगा कोचिंग टर्मिनल तैयार किया है। इसके बनने से वंदे भारत, अमृत भारत, डेमू, एलएचबी और अन्य सभी तरह की ट्रेनों के रैक का मेंटेनेंस एक ही जगह किया जा सकेगा। इससे जयपुर जंक्शन पर काम का दबाव भी कम होगा। AI बताएगा कोच में कहां है खराबी मेगा कोचिंग टर्मिनल में AI बेस्ड बॉडी अंडरगियर स्कैनिंग सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम कोच के नीचे के हिस्से की जांच कर किसी भी तरह की खराबी को करीब 3 मिनट में पहचान लेगा। इससे जांच का समय कम होगा और मेंटेनेंस का काम ज्यादा तेजी से किया जा सकेगा। बिना पूरा रैक हटाए बदली जा सकेगी बोगी उत्तर पश्चिम रेलवे में पहली बार दो बोगी ड्रॉप पिट मशीनें लगाई गई हैं। इनकी मदद से किसी रैक की एक बोगी या कोच को बदलने के लिए पूरे रैक को प्रभावित नहीं करना पड़ेगा। जिस कोच पर काम करना होगा उसे अलग कर सीधे मरम्मत की जा सकेगी। इससे समय की बचत होगी और काम आसान होगा। एक साथ 4 कोच उठाने की सुविधा टर्मिनल में सिंक्रोनाइज्ड कोच लिफ्टिंग सिस्टम लगाया गया है, जिससे एक बार में 4 कोच उठाए जा सकेंगे। पहले एक-एक कोच को अलग-अलग उठाना पड़ता था। नई व्यवस्था से मेंटेनेंस का समय काफी कम हो जाएगा। वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के लिए अलग लाइनें मेगा कोचिंग टर्मिनल में कुल 4 पिट लाइन बनाई गई हैं। इनमें से 2 लाइनें विशेष रूप से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के मेंटेनेंस के लिए तैयार की गई हैं। इसके अलावा फोर-लेवल कैटवॉक भी बनाए गए हैं, जिससे कर्मचारियों को कोच के अलग-अलग हिस्सों तक आसानी से पहुंच मिल सके। आधुनिक सुविधाओं से लैस है टर्मिनल टर्मिनल में 2 वॉशिंग लाइन, 2 इंस्पेक्शन बे लाइन, भारी मरम्मत के लिए 2 कवर्ड शेड लाइन, 7 स्टेबलिंग लाइन और 1 व्हील लेथ लाइन बनाई गई है। यहां ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट, आधुनिक क्रेन, रिट्रैक्टेबल ओएचई सिस्टम और फोर टियर एग्जामिनेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। जयपुर में बढ़ेगी ट्रेनों की हैंडलिंग क्षमता रेलवे अधिकारियों के अनुसार मेगा कोचिंग टर्मिनल शुरू होने से ट्रेनों का मेंटेनेंस तेज और आसान होगा। इससे ज्यादा रैक कम समय में तैयार किए जा सकेंगे, ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ेगी और भविष्य में जयपुर से नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी मजबूत होगा। — ये खबर भी पढ़ें… गूगल जेमिनाई एक्सपर्ट बोले- AI अपनाने वाले ही आगे बढ़ेंगे:सेमिनार में बताए AI से बिजनेस बढ़ाने के तरीके,300 से ज्यादा उद्यमियों ने लिया हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल तकनीक का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह कारोबार और सेवाओं की दुनिया में तेजी से बदलाव ला रहा है। इसी विषय पर फोर्टी यूथ विंग की ओर से विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें गूगल जेमिनाई की टीम से जुड़ी आईआईटी दिल्ली की रिसर्चर एवं एआई एक्सपर्ट डॉ. अनुकृति बंसल ने युवा उद्यमियों को एआई के उपयोग और उसके व्यावसायिक लाभों की जानकारी दी। (पूरी खबर पढ़ें)