जयपुर में अचानक बदले मौसम से एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स प्रभावित हो गईं। जयपुर में गुरुवार दोपहर बाद मौसम खराब होने से तेज अंधड़ और बारिश के चलते एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंडिंग में परेशाानी आने लगीं। इससे कई फ्लाइट्स को आसमान में होल्ड पर रखना पड़ा, जबकि कुछ को डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से जयपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E – 5033, गुवाहाटी से जयपुर की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX – 1514 और पुणे से जयपुर की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX – 2458 को एयरपोर्ट के ऊपर ही होल्ड पर रखा गया। तीनों फ्लाइट्स काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाती रहीं। मौसम साफ होने का इंतजार करती रहीं। बाद में दो फ्लाइट को लैंड कराया गया। वहीं एक फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया। पुणे से जयपुर आ रही फ्लाइट को लखनऊ किया डायवर्ट वहीं सबसे ज्यादा परेशानी पुणे से जयपुर आ रहे पैसेंजर्स को झेलनी पड़ी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX – 2458 को गुरुवार शाम करीब 5 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड होना था, लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले मौसम बिगड़ गया। तेज हवा और अंधड़ के कारण विमान को पहले कुछ समय के लिए होल्ड पर रखा गया, लेकिन हालात में सुधार नहीं होने पर इसे लखनऊ के लिए डायवर्ट कर दिया गया। अब यह फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। अचानक बदले मौसम के चलते पैसेंजर्स को देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से मौसम सामान्य होते ही फ्लाइट ऑपरेशन सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली में मौसम खराब होने से फ्लाइट जयपुर हुई डायवर्ट इसी बीच दिल्ली में भी खराब मौसम का असर देखने को मिला। भुवनेश्वर से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI – 1898 को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाई। दिल्ली के आसमान में कई चक्कर लगाने के बाद इस फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। यहां इसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
