कोटपूतली के पातरेडी में एक विवाह समारोह के दौरान हल्दी की रस्म में बड़ा हादसा हो गया। डीजे पर नाच रही महिलाओं पर अचानक डीजे फ्लोर भरभराकर गिर गया। इस घटना में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब कार्यक्रम स्थल पर महिलाएं डीजे की धुन पर नाच रही थीं। डीजे फ्लोर के गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत ही घायलों को डीजे फ्लोर के मलबे से बाहर निकाला गया। निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को बीडीएम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी पांचों घायलों के सिर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। बीडीएम जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात श्रीराम सरधना ने घायलों की पहचान बताई। घायलों में जाहिदपुरा निवासी सुनीता (35), मंडा निवासी सजना (40), मैड निवासी विमला (45), पातरेडी निवासी ममता (30) और बूचारा निवासी गौतम (30) शामिल हैं।