राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर कोटपूतली-बहरोड़ में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। शिविरों में लोगों को कई तरह की छूट मिलेगी। बकाया लीज राशि वर्ष 2025-26 तक एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। फ्री होल्ड पट्टे के लिए 10 वर्ष और लीज मुक्ति के लिए 8 वर्ष की लीज राशि जमा करने पर 60 प्रतिशत छूट मिलेगी। आवासीय भूखंडों के पुनर्ग्रहण शुल्क में भी छूट का प्रावधान है। 250 वर्ग मीटर तक के भूखंडों पर 75 प्रतिशत छूट मिलेगी। 250 से 500 वर्ग मीटर तक 50 प्रतिशत और 500 से 1000 वर्ग मीटर तक 25 प्रतिशत छूट दी जाएगी। कृषि भूमि पर बसी कॉलोनियों में स्वीकृत ले-आउट प्लान वाले भूखंडों के शेष पट्टों पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। अपंजीकृत दस्तावेजों से खरीदे गए भूखंडों के अंतिम खरीदार को भी जुर्माने में पूरी छूट दी जाएगी। आवासीय प्रीमियम दरों में भी राहत दी गई है। 100 वर्ग मीटर तक के भूखंडों पर 25 प्रतिशत और 100 से 200 वर्ग मीटर तक 15 प्रतिशत छूट मिलेगी। आवासीय उपविभाजन और पुनर्गठन में भी क्षेत्रफल के आधार पर कई तरह की छूट दी जाएगी।
