MNIT (मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में पीएम नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कला प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। वास्तुकला एवं नियोजन विभाग में फोटो आर्टिस्ट व लेखक महेश स्वामी के प्रेरक लेखों की इस 11 दिवसीय कला प्रदर्शनी में पीएम के प्रेरक कार्यों पर केंद्रित रचनात्मक-लेखों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि एमएनआईटी की छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. कनुप्रिया सचदेव, विशिष्ट अतिथि वास्तुकला एवं नियोजन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव श्रृंगी ने फीता काटकर प्रदर्शनी की विधिवत शुरुआत की। प्रदर्शनी 26 सितंबर तक डिपार्टमेंट के एनेक्सी ब्लॉक में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कलाप्रेमियों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में 20 गुणा 30 इंच आकार में 35 प्रेरक प्रसंगों को बखूबी दर्शाया गया है। लेखक एवं छायाकार महेश स्वामी ने बताया- पीएम नरेंद्र मोदी जैसे एक महान लीडर की विशेषता अपने गहन रचनात्मक अनुभवों के दम पर लोक-कल्याण के लिए न सिर्फ स्वयं उत्कृष्ट कार्य करना बल्कि आदर्श-रूप में युवा शक्ति को सतत प्रेरित करना है। हमारा भारत देश सौभाग्यशाली है कि एक दशक से उसे यशस्वी प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी जैसा कर्मठ नेता मिला है जो युवाओं को सतत रचनात्मक व जिम्मेदार नागरिक बनने को प्रेरित कर रहा है। मेरे यह रचनात्मक व प्रेरक-लेख छात्रों एवं संस्थान सदस्यों में कला एवं साहित्य अनुराग विकसित कर उनमें कर्तव्य-बोध जगाने में अपनी महती भूमिका अदा करेंगे। प्रदर्शनी में जिन प्रसंगों और विषयों का समावेश किया गया है, उनमें नेशनल एजुकेशन पॉलिसी, कर्तव्य पथ की अवधारणा, डिजिटल इंडिया पॉलिसी, स्वच्छ भारत मिशन, भारत की प्रथम आदिवासी महिला का राष्ट्रपति बनना, भारत के तकनीकी विकास एवं आविष्कारों में युवाओं की भागीदारी, मन की बात, विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण सहित कई विषय शामिल हैं।

You missed