पीपलखूंट थाना क्षेत्र के केसरपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। घायल पक्ष की ओर से पीपलखूंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायलों में नानका पुत्र वेस्ता, झाला पुत्र नानका (36) निवासी राणा की हरवर, केसरपुरा और संगीता पत्नी झाला शामिल हैं। नानका पुत्र वेस्ता ने अपने पड़ोसियों बालू, अनिल, मंगली, दिनेश, काली और ललित पर मारपीट का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद जमीन को लेकर चल रहा था। घटना की सूचना मिलने पर सुहागपुरा से 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी विष्णु मीणा और पायलट सोहनलाल ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल प्रतापगढ़ पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम और मारपीट के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
