अजमेर शहर की मेधावी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पहल जन सेवा संस्थान की ओर से 5वां ‘विलक्षण प्रतिभा सम्मान समारोह-2026′ जवाहर रंगमंच में आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 510 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मार्क्स केवल एक क्राइटेरिया है। लेकिन प्रतिभा छात्र और छात्राओं के जीवन में बहुआयामी होती है। इसका विश्लेषण मां-बाप ही ज्यादा जल्दी कर सकते हैं। पढ़ना-लिखना एक विषय है, लेकिन गुणवान होना भी एक बहुत महत्वपूर्ण विषय है। गुणवान आदमी कब होता है ? जब वो संस्कारी होता है। समारोह में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, अजमेर दक्षिण विधायक और संस्थान की संरक्षक अनीता भदेल, संस्थान अध्यक्ष नितेश आत्रे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समारोह में सम्मानित होने वालों में शहर के 64 राजकीय और गैर राजकीय स्कूलों के स्टूडेंट्स शामिल थे। इनमें 14 सरकारी और 50 निजी स्कूल शामिल हैं। स्टूडेंट्स में 34 छात्र सरकारी स्कूलों और 476 छात्र निजी स्कूलों से हैं। संस्था अब तक करीब 2000 स्टूडेंट्स को सम्मानित कर चुकी है।
