राजसमंद के कुंभलगढ़ के एक मकान में पति-पत्नी के शव मिले। पति का शव घर के बाहर चारपाई और पत्नी का शव कमरे में बेड पर मिला है। दूसरी मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक ने देर सुबह तक घर में कोई हलचल नहीं देखी तो नीचे आकर देखा, दोनों के शव देखकर उसने पुलिस को सूचना दी। 5 साल से कुंभलगढ़ में रह रहे थे पति-पत्नी केलवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा ने बताया-कुंभलगढ़ के परावल निवासी कुलदीप सिंह चुंड़ावत (50) और उनकी पत्नी रेखा कुंवर (45) का शव मिला है। सुबह 11.15 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। दोनों 5 साल से कुंभलगढ़ में रह रहे हैं, और दो साल से यहीं किराए पर रहते थे। प्रथम दृष्टया जहर सेवन से दोनों की मौत होने की आशंका है। हालांकि अन्य पहलुओं के हिसाब से भी जांच शुरू कर दी गई है। केलवाड़ा स्थित हीरालाल देवपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई और शव परिजनों को सौंप दिए गए। रात के समय उल्टियां कर रही थी महिला मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक पदम सिंह ने बताया-मंगलवार रात 9 बजे रेखा उल्टियां कर रही थी। मैंने सोचा कि मौसम के कारण तबीयत खराब हो गई होगी। जिसके बाद मैं कमरे में जाकर सो गया। बुधवार सुबह नीचे वाले घर में रोजाना की तरह कोई हलचल नहीं दिखी। पास जाकर देखने पर स्थिति गंभीर लगी। मैंने पड़ोस में रहने वाले आरेट गांव निवासी राजू सिंह को बुलाया। राजू सिंह ने मौके पर पहुंचकर देखा तो कुलदीप की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने रेखा को आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं आया तो कमरे में गए। वहां रेखा भी पलंग पर बेहोशी की हालत में पड़ी थी। इसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी। नाना और अंकल के साथ रहते हैं दोनों बेटे मकान मालिक ने बताया-पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। कुलदीप एक होटल में शेफ था। दंपती के दो बच्चे हैं। 6 साल का बेटा नाथद्वारा में अपने अंकल के पास रहता है। वहीं 9 साल का बच्चा मेवाड़िया में अपने नाना के यहां रह रहा है।
