उदयपुर के ओगणा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं उसकी बेटी गंभीर घायल हो गई। हादसे में 2 साल की नातिन को मामूली चोट लगी है। हादसा ओडा गांव स्थित उपरेटा सरकारी स्कूल के सामने रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। दोनों गाड़ियों में टक्कर आमने-सामने की हुई। हैरानी वाली बात ये है कि घटना के करीब एक घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। वहीं सड़क पर बेटी बेसुध हालत में पड़ी रही, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। बाद में पुलिस पहुंची। पुलिस ने करीब 12 किमी दूर ओगणा से एंबुलेंस बुलाई, जिसके बाद घायल बच्ची को झाड़ोल हॉस्पिटल पहुंचाया और रमेश (42) पिता उषाराम गमेती निवासी गोडावतों का पाड़ा ओडा ओगणा के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। वहीं हादसे के बाद कार छोड़कर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और ड्राइवर की तलाश में जुटी है। कार एक शादी में मेहमानों को लेकर आ रही थी। मृतक को जल्द हॉस्पिटल ले जाते तो जान बच जाती: रेवेन्यू इंस्पेक्टर ओडा गांव निवासी और रेवेन्यू इंस्पेक्टर नाथूलाल डूंगरी ने बताया- सूचना पर मैं ओगणा से मौके पर पहुंचा। उसी वक्त हाईवे पेट्रोलिंग टीम के पप्पू मीणा पहुंचे। हमने एंबुलेंस को जल्द बुलाने का प्रयास किया। फिर घायल बच्ची को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। मृतक मेरे गांव का है, जिसकी पहचान नाम रमेश (42) पिता उषा राम गमेती के रूप में हुई है। रमेश मजदूरी करता था। वह अपनी 24 वर्ष की बेटी और 2 साल की नातिन को लेकर बाइक से ओगणा से गांव ओडा जा रहा था। वहीं कार ओगणा से किसी शादी में मेहमानों को लेकर आ रही थी। तभी आमने-सामने की टक्कर हो गई। कई देर तक घायल सड़क पर पड़े रहे। रमेश के सिर से ज्यादा खून बहने से उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। रेवेन्यू इंस्पेक्टर नाथूलाल डूंगरी ने बताया- अगर मृतक को जल्द हॉस्पिटल ले जाया जाता तो जान बच सकती थी।