राजस्थान पुलिस स्थापना के 76 साल पूरे होने पर जिला पुलिस लाइन में तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कक्षा 10, 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कानून, यातायात नियमों और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। यह प्रतियोगिता पुलिस लाइन सभागार में हुई, जिसमें राजकीय महारावल उच्च माध्यमिक स्कूल के 36 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता और सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में वीणा मीणा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। निखिल पटेल ने भी 97 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अजय मनात ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा नकद प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 रुपए, द्वितीय को 1000 रुपए और तृतीय को 500 रुपए दिए गए। क्विज आयोजनकर्ता टीम को भी प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नवीन कानूनों, यातायात नियमों और सामान्य कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च पद प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन दिया और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखने तथा बुरी आदतों से दूर रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को पुलिस थाना कोतवाली का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें पुलिस द्वारा किए जाने वाले कार्यों, अपराध रिकॉर्ड संधारण, वीएचएफ ड्यूटी, हथियारों की जानकारी और कानून व्यवस्था संबंधी विभिन्न कर्तव्यों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
