शहर के सिलीसेढ़ तिराहे पर शनिवार शाम भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल के बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अग्रवाल का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की और उनके बयान को आपत्तिजनक बताया। मामला सचिन पायलट को लेकर दिए गए बयान से जुड़ा है। उमरेण ब्लॉक अध्यक्ष निहाल गुर्जर के नेतृत्व में कांग्रेस की ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रभारी द्वारा पायलट को भेरूपिया और भगौड़ा जैसे शब्दों से संबोधित करना न सिर्फ राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह व्यक्तिगत टिप्पणी भी है। निहाल गुर्जर ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं को अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी जारी रही तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
